देश के युवा-नेतृत्व वाले छह स्टार्टअप ने यूथ को-लैब नेशनल इनोवेशन चैलेंज 2026 के 8वें संस्करण में जीत हासिल की। यह पहल संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम- यू.एन.डी.पी. इंडिया और सिटी फाउंडेशन द्वारा अटल इनोवेशन मिशन नीति आयोग के सहयोग से चलाई जा रही है और टी-हब फाउंडेशन द्वारा कार्यान्वित की जा रही है। यह युवा-नेतृत्व वाले नवाचार को बढ़ावा देने और सतत विकास लक्ष्यों की दिशा में प्रगति को गति देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरी है।
नीति आयोग ने बताया कि इस वर्ष के चैलेंज के लिए 28 राज्यों के स्टार्टअप से 350 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। एक कठोर चयन प्रक्रिया के बाद, 50 उच्च-क्षमता वाले स्टार्टअप को नेशनल स्प्रिंगबोर्ड प्रोग्राम के लिए चुना गया, जो 16 उद्योग सलाहकारों और डोमेन विशेषज्ञों द्वारा समर्थित तीन महीने का वर्चुअल क्षमता-निर्माण कार्यक्रम है।
अंतिम मूल्यांकन के बाद, छह स्टार्टअप को उनके स्केलेबल और उच्च-प्रभाव वाले समाधानों के लिए चुना गया। विजेता स्टार्टअप को 3.50 लाख रुपये का सीड ग्रांट मिला, जबकि उपविजेताओं को 2.20 लाख रुपये का पुरस्कार दिया गया।