मई 31, 2026 2:30 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश में बड़े बदलाव आए हैं: केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी

कोयला और खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश में बड़े बदलाव आए हैं। हैदराबाद में आज ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के बाद उन्होंने मीडिया से कहा कि देश भर में करोड़ों लोगों को हर महीने इस कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार रहता है।

श्री रेड्डी ने कहा कि अवसंरचना विकास के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार, रेलवे नेटवर्क का विकास, नई रेलगाड़ियों की शुरुआत और रेलवे में नई तकनीकों को अपनाने जैसे कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश में हवाई अड्डों की संख्या 70 से बढ़कर करीब 150 हो गई है। केंद्रीय मंत्री ने  कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से देश के दूरदराज के गांवों तक सड़कें बनाई जा रही हैं।

श्री रेड्डी ने बताया कि आदिवासी क्षेत्रों में विकास और शिक्षा तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किए गए हैं। गरीबों को प्रति माह 5 किलो मुफ्त चावल योजना से लगभग 83 करोड़ लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भ्रष्टाचार खत्म करने और सुशासन के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत नेतृत्व प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।