कैलिफ़ोर्निया के 14 वर्षीय भारतीय मूल के अमरीकी छात्र श्रेय पारिख ने प्रतिष्ठित स्क्रिप्स राष्ट्रीय स्पेलिंग बी प्रतियोगिता जीत ली है। उन्होंने 90 सेकंड में 35 में से 32 शब्दों की सही स्पेलिंग बताकर यह खिताब अपने नाम किया।
आठवीं कक्षा के छात्र श्रेय पारिख ने सातवीं कक्षा के 12 वर्षीय ईशान गुप्ता को हराया।
श्रेय पारिख 2024 में भी इस प्रतियोगिता के फाइनलिस्ट रह चुके हैं। इस जीत के साथ उन्हें 50 हजार अमरीकी डॉलर, एक स्मृति पदक और स्क्रिप्स कप सहित कई पुरस्कार मिले।
तीन दिन तक चली इस प्रतियोगिता में अमरीका के 50 राज्यों सहित कई देशों के 247 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
स्पेलिंग बी प्रतियोगिता पहली बार 1925 में आयोजित की गई थी। बालू नटराजन 1985 में इस प्रतियोगिता को जीतने वाले पहले भारतीय मूल के छात्र बने थे। पिछले कई दशकों से भारतीय मूल के छात्रों का इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन रहा है। इस वर्ष के नौ फाइनलिस्टों में से पांच भारतीय मूल के थे।