केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और किरेन रिजिजू ने अरुणाचल प्रदेश दौरे के दूसरे दिन, राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के साथ राज्य के प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दल ने पहले पूर्वी सियांग जिले के पासीघाट का सर्वेक्षण किया, जो सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में से एक है, और फिर बोइंग गांव जाकर जमीनी स्तर पर हुए नुकसान का जायजा लिया। अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन से गांव के 20 से अधिक मकान जलमग्न हो गए हैं और धान के खेतों, खड़ी फसलों और पशुधन को व्यापक नुकसान पहुंचा है, जिससे कई परिवार तबाही से जूझ रहे हैं।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विस्थापित ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से व्यापक वित्तीय और संरचनात्मक सहायता का वादा किया। उन्होंने बोइंग गांव के समुदाय के धैर्य की भी प्रशंसा की और स्थानीय स्वयंसेवकों के प्रति गहरी सराहना व्यक्त की, जिन्होंने बाढ़ के बढ़ते जलस्तर को रोकने के लिए अस्थायी दीवार का निर्माण किया।
क्षेत्र में बाढ़ संकट का आकलन करने के लिए उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल निचले सुबनसिरी जिले के याज़ाली के लिए रवाना हुआ।
राज्य में बाढ़ से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं। लगभग सभी 28 जिलों में 90 हजार 499 लोग प्रभावित हुए हैं।