वरिष्ठ भाजपा नेता और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बार-बार निर्वाचन आयोग और अन्य संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बना रही है। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री रिजिजू ने कहा कि राजनीतिक दलों को जनता की सेवा करनी चाहिए और चुनावी जनादेश को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता का समर्थन नहीं मिलने पर कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठा रही है। श्री रिजिजू ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाना न तो देश के हित में है और न ही कांग्रेस के हित में।
इससे पहले आज विपक्षी दलों ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद भवन से राष्ट्रीय राजधानी के निर्वाचन आयोग के मुख्यालय-निर्वाचन सदन तक विरोध मार्च निकाला।
हालांकि निर्वाचन आयोग की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को सुरक्षा कर्मियों ने आकाशवाणी भवन के पास रोक दिया। इसके बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, पार्टी नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य समर्थक आकाशवाणी भवन परिसर में दाखिल हुए और वहां विरोध प्रदर्शन किया। शाम को दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने आज दोपहर नई दिल्ली में मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि कांग्रेस का प्रथम परिवार, जिसने पिछले चार दशकों में लोकतंत्र को कमजोर करते हुए राजशाही जैसी व्यवस्था चलाई, आज लोकतंत्र के नाम पर आकाशवाणी में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आधारहीन, असंगत और गलत बयानों के जरिए पूरे देश को गुमराह कर रहे हैं।