तेलंगाना में जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना गणना की सुविधा आज से उपलब्ध होगी। यह सुविधा 10 मई तक उपलब्ध रहेगी।केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने आज हैदराबाद में अपनी स्व-गणना का कार्य पूरा करने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जनगणना 2027, विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए एक महत्वपूर्ण आधार होगी। इसका उद्देश्य स्वतंत्रता शताब्दी तक समावेशी और आर्थिक रूप से सुदृढ राष्ट्र का निर्माण करना है। उन्होंने नागरिकों से इस प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल होने की अपील की।
उन्होंने इसे राष्ट्रीय योजना, शासन और भविष्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करने वाली महत्वपूर्ण सूचना प्रणाली बताया। श्री रेड्डी ने कहा कि आगामी जनगणना में आधुनिक तकनीक का उपयोग करने से यह परिवर्तनकारी चरण होगा, जिससे अधिक पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रीय विकास के ढांचे को मजबूत करने और देश की सामाजिक-आर्थिक वास्तविकताओं की स्पष्ट तस्वीर प्रस्तुत करने में एक महत्वपूर्ण कदम है।
तेलंगाना की जनगणना निदेशक भारती होलिकेरी ने कहा कि पहले चरण में 11 मई से 9 जून तक घरों की सूची तैयार करने का कार्य किया जाएगा। दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा, ताकि व्यापक और सटीक आंकड़े एकत्र किए जा सकें।