भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड- सेबी ने एक ही शेयर के विभिन्न बाजारों में अलग-अलग कीमतों पर कारोबार होने से रोकने के लिए एक नई व्यवस्था का प्रस्ताव किया है। आज अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक परामर्श पत्र में, सेबी ने कहा कि किसी विशेष एक्सचेंज पर कारोबार करने वाले लेकिन दूसरे पर निष्क्रिय शेयरों के लिए, आधार मूल्य और मूल्य सीमा, सक्रिय एक्सचेंज के समापन मूल्य के आधार पर निर्धारित की जानी चाहिए। यदि कोई शेयर एक से अधिक एक्सचेंजों पर कारोबार करता है लेकिन उनमें से किसी एक पर निष्क्रिय रहता है, तो निष्क्रिय एक्सचेंज को सबसे अधिक कारोबार मात्रा वाले एक्सचेंज के समापन मूल्य को अपनाना चाहिए।
वर्तमान में, एक्सचेंज अपने पिछले समापन मूल्यों के आधार पर सर्किट सीमा की गणना स्वतंत्र रूप से करते हैं। कम तरलता वाले शेयरों में, इससे एक एक्सचेंज पर लंबे समय तक कारोबार न होने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे कीमतें और सर्किट सीमा स्थिर हो जाती हैं, जबकि शेयर दूसरे प्लेटफॉर्म पर कारोबार करता रहता है।
सेबी के अनुसार, यह पहल बाजार के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उसके व्यापक प्रयासों का हिस्सा है, जिसके तहत मूल्य निर्धारण में सुधार किया जाएगा और व्यापार में बाधा डालने वाली ढांचागत अक्षमताओं को कम किया जाएगा। इस प्रणाली को लागू करने के लिए, एक्सचेंजों को समापन मूल्य डेटा साझा करने की व्यवस्था स्थापित करनी होगी।
परामर्श पत्र पर जनता की टिप्पणियां 2 जुलाई तक जमा की जा सकती हैं।