विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा है कि शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) केवल एक क्षेत्रीय समूह नहीं, बल्कि भारत को यूरेशिया के ऐतिहासिक और सभ्यतागत साझेदारों से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
ताजिकिस्तान में एससीओ अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में उन्होंने कहा कि संगठन में सहयोग के लिए भारत का दृष्टिकोण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षा, संपर्क और अवसर के ढांचे से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि इस दृष्टिकोण में मध्य एशिया का महत्वपूर्ण स्थान है।
डॉ. कीर्ति वर्धन ने कहा कि भारत मध्य एशिया के साझेदारों के साथ मिलकर आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों से लड़ने के लिए दृढ़ संकल्पित है।
राज्य मंत्री ने कहा कि भारत 17 से 19 जुलाई तक कोलकाता में एससीओ सभ्यता संवाद मंच की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे और मुख्य भाषण देंगे।