विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग – डीएसटी और विज्ञान तथा प्रौद्योगिकी मंत्रालय की नई वेबसाइटों का शुभारंभ किया। इन वेबसाइटों को नागरिकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इन वेबसाइटों की खास बात यह भी है कि इनमें भाषिणी को जोड़ा गया है। इससे लोग 22 भाषाओं में वैज्ञानिक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
डॉ. सिंह ने कहा कि इन नई वेबसाइटों का उद्देश्य देशभर के लोगों तक वैज्ञानिक जानकारी को आसान और समावेशी तरीके से पहुंचाना है।
मंत्री ने कहा कि इस पहल का मूल मंत्र है- जनता के लिए विज्ञान और जनता की भागीदारी से विज्ञान। उन्होंने बताया कि एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए लोग अपनी जरूरत के अनुसार अलग-अलग वैज्ञानिक क्षेत्रों और उद्योगों से जुड़ी जानकारी और अवसर हासिल कर सकेंगे।
नई वेबसाइट से छात्रों, शोधार्थियों, वैज्ञानिकों, शैक्षणिक संस्थानों, नवाचार करने वालों, स्टार्टअप, उद्यमियों, मीडिया और आम नागरिकों को फायदा होगा।