जून 15, 2026 3:06 अपराह्न

printer

पिछले 12 वर्षों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी ने देश के विकास में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है: डॉ. जितेंद्र सिंह

केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज कहा कि पिछले 12 वर्षों में विज्ञान और प्रौद्योगिकी ने देश के विकास में महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है। वि‍ज्ञान और प्रौद्योगिकी अब विशिष्ट क्षेत्र से शासन, नवाचार और जन कल्याण के प्रमुख स्तंभ बन गए हैं।

नई दिल्ली में ‘भारत की सेवा में विज्ञान के 12 वर्ष’ विषय पर आयोजित संवाददाता सम्‍मेलन में केन्‍द्रीय मंत्री ने कहा कि विज्ञान आधारित विकास ने प्रौद्योगिकी को प्रमुख राष्ट्रीय मिशनों और अग्रणी कार्यक्रमों का अभिन्न अंग बनने में सक्षम बनाया है। उन्होंने कहा कि उद्योग की भागीदारी, नवाचार और सार्वजनिक तथा निजी सहयोग के कारण स्‍पष्‍ट बदलाव देखा जा रहा है।

विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ने भारत के जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विकास पर कहा कि पिछले एक दशक में देश की जैव अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।

उन्‍होंने कहा कि हाल के वर्षों में वैज्ञानिक संस्थानों ने वैश्विक स्तर पर सफलता की कई कहानियां प्रस्तुत की हैं। डॉ. सिंह ने अंतरिक्ष, भू-स्थानिक और परमाणु क्षेत्रों में हुए सुधारों के बारे में जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि इन उपायों से निजी क्षेत्र की भागीदारी बढ़ी है और भारत का वैज्ञानिक पारिस्थितिकी तंत्र मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि नीतिगत सुधारों, नवाचार और संस्थागत सहयोग के संयोजन से देश विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नेतृत्‍वकर्ता के रूप में उभरा है।