कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत आधार दिया। श्री चौहान ने कहा कि सरदार पटेल की आतंकवाद को बिल्कुल बर्दाश्त ना करने की नीति से प्रेरणा लेकर भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक सहित कई कदमों के जरिए आतंकवादी गतिविधियों और बाहरी खतरों का कड़ा जवाब दिया है।
श्री चौहान ने आकाशवाणी की ओर से आयोजित 67वें सरदार पटेल स्मृति व्याख्यान में यह बात कहीं। उन्होंने नई दिल्ली स्थित आकाशवाणी भवन से वर्चुअल माध्यम से अपना संबोधन दिया। श्री चौहान ने कहा कि सरदार पटेल आधुनिक और मजबूत सशस्त्र बलों के निर्माण के साथ-साथ स्वदेशी उद्योगों को बढ़ावा देने के पक्षधर थे।
उन्होंने कहा कि भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। देश के उद्योग अब आधुनिक हथियारों और सैन्य उपकरणों का निर्माण कर रहे हैं। स्वतंत्र भारत के पहले उप प्रधानमंत्री और सूचना एवं प्रसारण मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की स्मृति में आकाशवाणी वर्ष 1955 से हर साल इस व्याख्यान का आयोजन कर रहा है। यह वार्षिक व्याख्यान देश की सांस्कृतिक विरासत और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच रहा है।