जून 9, 2026 6:00 अपराह्न | Deendayal Antyodaya Yojana

printer

ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल ने दीनदयाल अंत्योदय योजना-एनआरएलएम की प्रगति की समीक्षा की

ग्रामीण विकास विभाग के सचिव रोहित कंसल ने नई दिल्ली में दीनदयाल अंत्योदय योजना – राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और इसकी उपयोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, समीक्षा बैठक में मिशन की कार्यनीति और छह करोड़ ‘लखपति दीदी’ तैयार करने के लक्ष्य की दिशा में की जा रही तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके तहत उद्यमिता को बढ़ावा देने, आजीविका के अवसरों का विस्तार करने और वित्तीय सेवाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव ने ‘लखपति दीदी’ लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति के लिए साझेदारियों और प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों की निरंतर निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को क्षमता निर्माण, प्रशिक्षण और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के महत्व को भी रेखांकित किया, ताकि आजीविका संबंधी कार्यक्रमों का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।

श्री कंसल ने कहा कि ‘शी मार्ट’ ऐसे स्थानों पर स्थापित किए जाने चाहिए जहां व्यावसायिक गतिविधियां अधिक हों। साथ ही उनकी दीर्घकालिक सफलता के लिए मजबूत बाजार संपर्क और विपणन सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

बैठक के दौरान सचिव ने मिशन की सभी गतिविधियों के समयबद्ध कार्यान्वयन के लिए विस्तृत कार्य-योजना तैयार करने और उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मिशन के अंतर्गत प्रस्तावित नई पहलों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान संबंधित पक्षों से परामर्श के बाद सभी परिचालन दिशा-निर्देशों को समय पर अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।

बैठक में ग्रामीण विकास विभाग की संयुक्त सचिव स्‍वाति शर्मा, जयश्री एम.जी सहित ग्रामीण आजीविका प्रभाग और राष्ट्रीय मिशन प्रबंधन इकाई के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।