अप्रैल 18, 2026 8:24 अपराह्न | participation of women

printer

सिविल सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, हिस्सेदारी 31% के पार: कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह

कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज सिविल सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि सिविल सेवा में महिलाओं की हिस्सेदारी अब 31 प्रतिशत से अधिक हो गई है और कुल सफल उम्मीदवारों के एक तिहाई की ओर लगातार बढ़ रही है। सिविल सेवा परीक्षा 2025 के सफल उम्मीदवारों के लिए ‘शेयर इंडिया स्माइल फाउंडेशन’ की ‘मिशन आईएएस’ पहल के तहत आयोजित एक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि सिविल सेवाओं में स्‍त्री-पुरूष संरचना में बदलाव देश के विकसित होते सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य के सबसे उत्साहजनक संकेतकों में से एक है। उन्होंने कहा कि लगभग एक दशक पहले सफल उम्मीदवारों में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 20 प्रतिशत थी, जबकि अब यह 30 प्रतिशत से अधिक हो गई है। यह एक महत्‍वपूर्ण परिवर्तन का संकेत है। डॉ० सिंह ने कहा कि सिविल सेवाएं अब चुनिंदा अभिजात वर्ग या सीमित भौगोलिक क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं हैं, बल्कि दूरस्थ और वंचित क्षेत्रों सहित विभिन्न पृष्ठभूमियों के उम्मीदवार आज इस क्षेत्र में उभर रहे हैं।