पाकिस्तान के कानून मंत्री आज़म नज़ीर तरार ने आज कहा कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को व्यापक चिकित्सा जांच के लिए अस्पताल में स्थानांतरित करने के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की समीक्षा की मांग करेगी।
अगले कुछ दिनों के भीतर व्यापक चिकित्सा जांच के लिए पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को इस्लामाबाद के शिफा अंतर्राष्ट्रीय अस्पताल में स्थानांतरित करने संबंधी पाकिस्तान के सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अधिकारियों को आदेश देने के बाद यह बयान आया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, तीन सदस्यीय सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ-पीटीआई के संस्थापक इमरान खान को अस्पताल में भर्ती कराने और उनके परिवार से मुलाकात करवाने की मांग वाली कई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया।
न्यायालय ने कहा कि यह आदेश इमरान खान के स्वास्थ्य और जीवन के अधिकार तथा चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच के संवैधानिक आश्वासन को ध्यान में रखते हुए जारी किया जा रहा है। न्यायालय ने अधिकारियों को इमरान खान और उनके परिवार के सदस्यों के बीच साप्ताहिक बैठकें सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। न्यायालय द्वारा उनके निजी चिकित्सक और उनकी बहन उज़मा खान को संबद्ध करते हुए एक चिकित्सा बोर्ड के गठन का आदेश भी दिया गया। यह फैसला अडियाला जेल के अधीक्षक द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री के स्वास्थ्य पर सर्वोच्च न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के एक दिन बाद आया है। अडियाला जेल में इमरान खान अगस्त 2023 से बंद हैं। इससे पहले, पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ-पीटीआई पार्टी ने सरकार पर पूर्व प्रधानमंत्री के कानूनी और संवैधानिक अधिकारों से वंचित करने का आरोप लगाया था। पार्टी ने कहा था कि उन्हें पर्याप्त चिकित्सा देखभाल नहीं मिल रही है।
पिछले महीने, यातना और अन्य क्रूर, अमानवीय या अपमानजनक व्यवहार या सजा पर संयुक्त राष्ट्र की विशेष रिपोर्टर एलिस जिल एडवर्ड्स ने इमरान खान की हिरासत की स्थितियों और उन्हें उचित चिकित्सा देखभाल न मिलने की खबरों पर चिंता व्यक्त की थी।