अगस्त 25, 2026 7:15 अपराह्न | vector-borne diseases i

printer

दिल्ली में एच1एन1 और वेक्टर जनित बीमारियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ पंकज कुमार सिंह ने आज एच.1.एन.1. इन्फ्लुएंजा के बढ़ते मामलों और वेक्टर जनित बीमारियों से निपटने के लिए दिल्ली स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में डॉ सिंह ने राजधानी में बीमारियों की स्थिति, सर्विलांस, अस्पतालों की तैयारियों, दवाइयों, टेस्टिंग सुविधाओं की उपलब्धता और जागरूकता तथा रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों की समीक्षा की।

राजधानी दिल्ली में अब तक एच.1.एन.1. के दो हजार 308 मामले सामने आए हैं, जबकि वर्ष 2026 में इन्फ्लुएंजा, A+B के अब तक लगभग तीन हजार मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने सभी संबंधित विभागों को सार्वजनिक स्थलों और अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियों को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने परिवहन विभाग, दिल्ली नगर निगम , नई दिल्ली नगरपालिका परिषद, दिल्ली कैंटोनमेंट और दिल्ली मेट्रो रेल निगम समेत सभी संबंधित एजेंसियों के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य एडवाइजरी को पूरी दिल्ली में भी लागू किया जा रहा है, जिससे जरूरी अनुपालन और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस बैठक में दिल्ली में डेंगू और मलेरिया की वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की गई। इस वर्ष में अब तक राजधानी में डेंगू के पांच सौ 70 और मलेरिया के दो सौ 15 मामले सामने आए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने दिल्ली वासियों से अपील की कि वे श्वसन संबंधी सावधानियों और स्वच्छता के उपायों का कड़ाई पालन करें, अस्वस्थ होने पर बेवजह दूसरों के संपर्क से बचें और बीमारी के लक्षण बने रहने या फिर गंभीर होने की स्थिति में तुरंत समय पर डॉक्टरों से सलाह और इलाज करवाएं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला