गुजरात में पिछले 12 घंटों में बारिश धीरे-धीरे कम हो रही है, लेकिन दक्षिण गुजरात में भीषण जलभराव जारी है। सूरत, तापी और नवसारी बारिश से सबसे अधिक प्रभावित जिले हैं। बारिश से प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्य जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से टेलीफोन पर बात कर स्थिति और जारी राहत कार्यों का जायजा लिया। श्री शाह ने राज्य प्रशासन को हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया। राज्य के जलाशयों का जलस्तर बढ़ गया है। सरदार सरोवर नर्मदा बांध वर्तमान में अपनी कुल क्षमता का 65.54 प्रतिशत भरा हुआ है। राज्य के 11 बांधों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जिससे नदियां उफान पर हैं।
भारी बारिश के कारण सड़क परिवहन को बाधित कर दिया है, जिससे राज्य भर में 400 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं, जिनमें 2 राष्ट्रीय राजमार्ग और 15 राज्य राजमार्ग शामिल हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने कल अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है।