राजस्थान सरकार ने कम बारिश और खरीफ की फसलों में हुए नुकसान को देखते हुए 14 जिलों की 80 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। अधिसूचना के अनुसार, इनमें 69 तहसीलों को अत्याधिक सूखाग्रस्त, जबकि 11 तहसीलों को मध्यम सूखाग्रस्त श्रेणी में रखा गया है। यह अधिसूचना अगले 6 महीने तक प्रभावी रहेगी।
आपदा प्रबंधन और राहत विभाग के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में जोधपुर जिले की 12 तहसील तथा जालौर और बाड़मेर की दस-दस तहसील शामिल हैं। इसके अलावा बालोतरा, पाली, डूंगरपुर, जैसलमेर, फलोदी, बांसवाड़ा, ब्यावर, चूरू, बीकानेर, नागौर और सिरोही जिलों की तहसीलों को भी इस सूची में शामिल किया गया है।
सरकार के इस फैसले से प्रभावित क्षेत्रों के किसानों और पशुपालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।