जून 21, 2026 8:47 अपराह्न

printer

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर किया रवाना

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज जयपुर के खातिपुरा रेलवे स्टेशन से जयपुर-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने खातिपुरा में मेगा कोचिंग टर्मिनल का उद्घाटन भी किया और कई रेलवे स्टेशनों पर उन्नत यात्री सुविधाओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रेल मंत्री ने कहा कि देश भर में रेल अवसंरचना और सेवाओं में अभूतपूर्व वृद्धि हो रही है। सीकर जिले के सुंदरपुरा में एक नए रेलवे स्टेशन के निर्माण की घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना से खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी। उन्‍होंने कहा कि जयपुर में मेगा कोचिंग टर्मिनल से रेल अवसंरचना को काफी मजबूती मिलेगी। यह टर्मिनल लगभग 450 रेलगाडियों के संचालन में सक्षम होगा। इससे परिचालन दक्षता बढ़ेगी और यात्री सेवाओं में सुधार होगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे में उल्लेखनीय परिवर्तन हो रहा है। उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण से राजस्थान में व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा मिल रहा है। इससे राज्य के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंध भी देश के बाकी हिस्सों से मजबूत हो रहे हैं।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला