रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से विस्तारित श्रीनगर-जम्मू वंदे भारत एक्सप्रेस सेवा को रवाना किया। यह रेलगाड़ी जो पहले श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलती थी, अब जम्मू तवी तक चलेगी। विस्तारित मार्ग पर नियमित सेवाएं शनिवार से शुरू होंगी। इस रेलगाड़ी में अब आठ के बजाय 20 कोच होंगे, जिससे क्षमता, संपर्क और आरामदायक सफर होगा। वंदे भारत रेलगाड़ी के विस्तार से यात्री जम्मू और श्रीनगर के बीच पांच घंटे से भी कम समय में यात्रा कर सकेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी उपस्थित थे।
इस अवसर श्री वैष्णव ने कहा कि पिछले बारह वर्ष में रेलवे क्षेत्र में महत्वपूर्ण परिवर्तन देखने को मिले हैं। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद से इस क्षेत्र में निरंतर विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष जून में कटरा से कश्मीर के लिए वंदे भारत रेल सेवा का उद्घाटन किया था और अब तक पांच लाख पचास हजार से अधिक यात्री इस सेवा का लाभ उठा चुके हैं।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि इससे वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्रियों और अमरनाथ यात्रा करने वालों को विशेष रूप से लाभ होगा। इससे बिना किसी रुकावट के प्रमुख तीर्थ स्थलों को जोड़ने वाली निर्बाध रेल यात्रा संभव हो सकेगी।