सितम्बर 14, 2026 9:07 अपराह्न

printer

पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस शाखा ने 4 वर्षों में 92 आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया

पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस शाखा ने पिछले 4 वर्षों में 16 मार्च, 2022 से 11 सितंबर, 2026 तक आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 92 आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और 686 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया है। 53 आतंकी मॉड्यूल को निष्क्रिय करके बड़े आतंकी हमलों को रोका है।

पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने चंडीगढ़ में संवाददाता सम्‍मेलन में बताया कि एके-47 और अन्य राइफलों, रिवॉल्वरों और आईईडी सहित बड़ी संख्या में हथियार बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 28 किलोग्राम से अधिक आरडीएक्स और अन्य विस्फोटक तथा 131 हथगोले और 6 रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड लॉन्चर भी जब्त किए गए हैं।

राज्य पुलिस प्रमुख ने बताया कि सितंबर 2024 से पंजाब में विभिन्न पुलिस थानों सहित 43 आतंकी हमले हुए हैं और सभी मामलों को रिकॉर्ड समय में सुलझा लिया गया है। उन्होंने बताया कि ‘नशा-विरोधी अभियान के अंतर्गत लगभग 80 हजार ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 3 हजार 800 किलोग्राम से अधिक हेरोइन सहित भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि भारत में बरामद कुल हेरोइन का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा पंजाब से आता है।