पंजाब पुलिस ने आज 3 महिलाओं सहित 17 आरोपियों को गिरफ्तार करके एक संभावित आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया। ये सभी 8 जुलाई की सुबह मोगा के सदर पुलिस स्टेशन पर हुए कम तीव्रता वाले ग्रेनेड हमले में शामिल थे। गिरफ्तार लोगों में हमले के 3 मुख्य साजिशकर्ता शामिल हैं।
उनके पास से एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आई.ई.डी), विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर और एक अत्याधुनिक पिस्तौल तथा एक मैगज़ीन भी बरामद की गई है। ग्रेनेड हमले को अंजाम देने वाले तीनों मुख्य साजिशकर्ताओं सहित सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। इनमें से 14 फिरोजपुर के और 3 मोगा के रहने वाले हैं।
पंजाब पुलिस के महानिदेशक गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि ब्रिटेन में बैठे मास्टरमाइंड ने आरोपियों को मोगा पुलिस स्टेशन पर ग्रेनेड हमला करने का निर्देश दिया था। वे फिरोजपुर से जम्मू जाने वाली एक ट्रेन में आई.ई.डी लगाने की भी योजना बना रहे थे। आगे की जांच जारी है।