दिल्ली सरकार में मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह आज प्रह्लादपुर स्थित राजकीय सर्वोदय कन्या विद्यालय में आयोजित वार्षिक खेल दिवस 2026 और विद्या वाहिनी योजना के अंतर्गत साइकिल वितरण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में छात्राओं ने सौ मीटर दौड़, रस्साकशी और अन्य खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। श्री सिंह ने छात्राओं के उत्साह, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। वहीं, विद्या वाहिनी योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री सिंह ने कहा कि बेटियों की शिक्षा में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना दिल्ली सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत साइकिल वितरण से छात्राओं का विद्यालय आना-जाना सुगम होगा। इससे उन्हें शिक्षा जारी रखने और आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी। श्री सिंह ने कहा कि शिक्षित बेटियां-सशक्त दिल्ली केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक ऐसे समाज के निर्माण का संकल्प है, जहां प्रत्येक बेटी को शिक्षा, समान अवसर और अपनी प्रतिभा को निखारने का पूरा अवसर मिले।