प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल से सिक्किम के दो दिन के दौरे पर रहेंगे। मंगलवार को प्रधानमंत्री गंगटोक के ऑर्किडेरियम जाएंगे, जहां राज्य की जैविक और पुष्पीय विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विश्वस्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र बनाया गया है।
वे सिक्किम के पालजोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले राज्य के 50वें स्थापना वर्ष के समापन समारोह में भी शामिल होंगे। इस अवसर पर, श्री मोदी राज्य में चार हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं अवसंरचना, संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं। ये परियोजनाएं राज्य में समग्र और समावेशी विकास को गति देने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं।
प्रधानमंत्री नामची जिले के यांगंग में 100 बिस्तरों वाले आयुर्वेद अस्पताल और एनआईटी देवराली में 30 बिस्तरों वाले एकीकृत सोवा रिग्पा अस्पताल का शिलान्यास भी करेंगे। श्री मोदी नामची और गंगटोक जिलों को जोड़ने वाले सिरवानी और लोअर समदोंग में तीस्ता नदी पर बने दो दोहरे लेन वाले स्टील पुलों की आधारशिला भी रखेंगे।