नवम्बर 14, 2026 10:21 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज लाभ पंचमी के अवसर पर गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित अंबाजी मंदिर जाने का कार्यक्रम स्थगित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज लाभ पंचमी के अवसर पर गुजरात के बनासकांठा जिले में स्थित अंबाजी मंदिर जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। प्रधानमंत्री कल शाम कर्नाटक के मैसूरु से अहमदाबाद पहुंचे थे।

हवाई अड्डे पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने प्रधानमंत्री के नेतृत्व और देश के विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने का प्रधानमंत्री का संकल्प देश के लोगों को प्रेरित कर रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गुजरात देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। राज्य ने प्राकृतिक खेती, औद्योगिक विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल की हैं। लाभ पंचमी के साथ गुजरात में दीपावली उत्सव का समापन होता है। राज्य प्रशासन के अनुसार, अंबाजी मंदिर में रोजाना ढाई लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

आज यह संख्या पांच लाख से अधिक होने की उम्मीद है। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसलिए दौरा स्थगित किया गया है। अंबाजी मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक है। यहां गुजरात और पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी ने श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के लिए प्रधानमंत्री का आभार जताया।