जुलाई 3, 2026 10:32 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल राजस्थान और गुजरात के दौरे पर जाएंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल राजस्थान और गुजरात के दौरे पर जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री राजस्थान में जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत करेंगे। इसके बाद वे बालोतरा में लगभग एक लाख छह हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

प्रधानमंत्री बालोतरा के पचपदरा में देश की पहली हरित क्षेत्र आधारित एकीकृत रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परिसर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। लगभग 79 हजार 450 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस परियोजना को हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड और राजस्थान सरकार ने संयुक्त रूप से विकसित किया है।

प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण की आधारशिला भी रखेंगे। करीब 13 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा।

वे चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल लाइन दोहरीकरण परियोजनाओं तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-125ए के चार लेन वाले हिस्से को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री बीकानेर की एक हजार मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजना का लोकार्पण करेंगे और राजस्थान अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से बिजली निकासी के लिए बनी नई ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे 530 किलोमीटर लंबी नई बिजली प्रसारण प्रणाली की आधारशिला भी रखेंगे।

 प्रधानमंत्री राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित लगभग 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री गुजरात के साणंद जाएंगे। जहां वे भारत सेमीकंडक्टर मिशन के अंतर्गत सीजी सेमी के सेमीकंडक्टर असेम्बली और परीक्षण संयंत्र का उद्घाटन करेंगे। करीब सात हजार 500 करोड़ रुपये की लागत से बने इस संयंत्र में व्यावसायिक उत्पादन शुरू होगा।

यह देश की शुरुआती आधुनिक सेमीकंडक्टर असेम्बली और परीक्षण इकाइयों में से एक है। पूरी क्षमता से काम शुरू होने पर यहां हर वर्ष लगभग पांच अरब सेमीकंडक्टर चिप का उत्पादन किया जा सकेगा।