प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दूसरे और तीसरे श्रेणी के शहरों तथा दूर-दराज़ के क्षेत्रों में हवाई यात्रा को बढ़ावा देने के लिए क्षेत्रीय हवाई संपर्क योजना का अगला चरण ‘विकसित उड़ान’ शुरू किया है। श्री मोदी ने कल राजस्थान के जोधपुर हवाई अडडे पर नए टर्मिनल भवन का भी उद्घाटन किया, जिससे भारत के नागर विमानन ढांचे और क्षेत्रीय संपर्क को बढ़ावा मिला है।
नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा है कि ‘विकसित उड़ान’ योजना के शुरू होने से भारत के क्षेत्रीय संपर्क का अगला अध्याय शुरु होगा। श्री नायडू ने कहा कि 28,840 करोड़ रुपये से ज़्यादा के बजट के साथ शुरू की गई यह योजना दूसरे और तीसरे श्रेणी के शहरों में हवाई संपर्क को मज़बूत करेगी। उन्होंने कहा कि यह योजना 100 से ज़्यादा नए हवाई अड्डों और 200 हेलीपैड के विकास में मदद करेगी, जिससे लाखों लोगों के लिए किफायती हवाई यात्रा का सपना साकार होगा। जोधपुर हवाई अड्डे पर श्री नायडू ने कहा कि इस विश्व स्तरीय सुविधा से मारवाड़ क्षेत्र में हवाई संपर्क मज़बूत होगा और साथ ही राजस्थान में पर्यटन, व्यापार और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागड़े, मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और अन्य गणमान्य व्यक्ति इस कार्यक्रम में शामिल हुए।