सितम्बर 13, 2026 9:24 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर विश्व नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें कीं

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर विश्‍व नेताओं के साथ कई द्विपक्षीय बैठकें की। पिछले तीन दिन में, श्री मोदी ने राष्ट्राध्यक्षों और सरकार के प्रमुखों के साथ 15 बैठकें कीं। उन्‍होंने दुनिया के नेताओं और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के प्रमुखों के साथ कई अनौपचारिक बैठकें भी कीं। इन बैठकों से द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने, आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा करने और क्षेत्रीय तथा वैश्विक घटनाक्रमों पर चर्चा करने का अवसर मिला।

    श्री मोदी ने आज कजाखि्स्‍तान, मिस्र, इंडोनेशिया, फिलीपींस, दक्षिण अफ्रीका, बुरुंडी, नाइजीरिया और युगांडा के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बातचीत की।

    श्री मोदी ने कजाखि्स्‍तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्त तोक़ायेफ के साथ बैठक में आपसी संबंधों में प्रगति की समीक्षा की। उन्‍होंने कजाखि्स्‍तान के साथ भारत के प्राचीन सभ्‍यतागत संबंधों को याद करते हुए हाल के वर्षों में आपसी संबंधों में स्थिर विकास पर संतोष प्रकट किया। दोनों नेताओं ने राजनीति, व्‍यापार, रक्षा और सुरक्षा, संपर्क सुविधा, ऊर्जा, महत्‍वपूर्ण खनिज, उभरती प्रौद्योगिकी, रचनात्‍मक अर्थव्‍यवस्‍था और लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्‍न क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की। इस दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी चर्चा हुई। उन्‍होंने दोनों देशों के लोगों के आपसी हित और क्षेत्र में शांति, स्थिरता, विकास तथा समृद्धि के लिए रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

    प्रधानमंत्री ने मिस्र के राष्ट्रपति अबदुल फत्ताह अस्सीसी के साथ भी बैठक की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि इस दौरान क्षेत्रीय घटनाक्रम और भारत-मिस्र की साझेदारी सहित कई मुद्दों पर चर्चा हुई।

    इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो के साथ बातचीत में श्री मोदी ने कहा कि दोनों देश कई क्षेत्रों में साझेदारी को मज़बूत करना जारी रखेंगे। उन्होंने राष्ट्रपति सुबियांतो के स्नेहपूर्ण व्यवहार, सकारात्मक सोच और आशावादी रवैये की भी प्रशंसा की।

    श्री मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति आर. मार्कोस जूनियर के साथ भी बातचीत की। उन्होंने मौजूदा आसियान अध्यक्ष के तौर पर ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में फिलीपींस की भागीदारी की प्रशंसा की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में आपसी सहयोग में प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। वे रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, अंतरिक्ष, रेलवे अवसंरचना, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन, विज्ञान और तकनीक, नवाचार और लोगों के बीच आपसी संबंधों में सहयोग को और प्रगाढ करने पर सहमत हुए।

    अगस्त 2025 में राष्ट्रपति मार्कोस की भारत यात्रा के दौरान स्थापित रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने पर भी सहमति बनी। श्री मोदी ने आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन में शामिल होने के फिलीपींस के फ़ैसले का स्वागत किया। दोनों नेताओं ने आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की और रणनीतिक साझेदारी के सभी क्षेत्रों में सहयोग को मज़बूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

    दक्षिण अफ़्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ बैठक में, श्री मोदी ने भारत-दक्षिण अफ़्रीका रणनीतिक साझेदारी के सभी पहलुओं की समीक्षा की। इसमें भारत-एस ए सी यू व्यापार समझौता, खनन और महत्वपूर्ण खनिज, बुनियादी ढांचा, खाद्य सुरक्षा, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा, उभरती तकनीकें और कौशल विकास शामिल थे। सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि यह ऐतिहासिक साझेदारी भविष्य पर मजबूती से केंद्रित है। उन्होंने कहा कि भारत और दक्षिण अफ़्रीका अफ़्रीका की प्रगति, ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं और अधिक संतुलित वैश्विक व्यवस्था के लिए मिलकर काम करेंगे।

    बुरुंडी के राष्ट्रपति एवारिस्त दायिशिमिये के साथ बैठक में, श्री मोदी ने अफ़्रीकी संघ की अध्यक्षता संभालने पर बुरुंडी को बधाई दी। दोनों नेताओं ने विकास सहयोग, क्षमता विकास, युवाओं के कौशल विकास, कृषि और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्रों में भारत-बुरुंडी संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।

    श्री मोदी ने नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत-नाइजीरिया के बहुआयामी संबंधों की समीक्षा की और विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। चर्चा व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य सेवा और डिजिटल तकनीकों पर केंद्रित रही। उन्होंने भारत-नाइजीरिया रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं और चिंताओं सहित क्षेत्रीय तथा वैश्विक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। दोनों नेता बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग मजबूत करने पर सहमत हुए। उन्‍होंने अधिक प्रतिनिधित्‍व वाली, समावेशी और बहुध्रुवीय अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की दिशा में काम करने पर भी बल दिया।

    युगांडा की उप-राष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ बैठक में प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की और प्रौद्योगिकी साझेदारी, क्षमता विकास, ज्ञान साझा करने, निवेश को आसान बनाने और निजी क्षेत्र के साथ सहयोग बढ़ाने की आवश्‍यकता पर बल दिया। दोनों नेताओं ने स्‍वीकार किया कि लोगों के बीच मज़बूत संबंध इस साझेदारी के लिए मज़बूत आधार हैं।

    कल, श्री मोदी ने इथियोपिया, मलेशिया, संयुक्‍त अरब अमीरात, वियतनाम और चीन के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। शुक्रवार को प्रधानमंत्री ने रूस और ईरान के नेताओं के साथ-साथ संयुक्‍त राष्‍ट्र महासचिव से भी मुलाकात की।