प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के सबसे लंबे समय तक निरंतर प्रधानमंत्री रहने पर सिंगापुर के राष्ट्रपति लॉरेंस वोंग, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन, जापान के पूर्व प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा और गुयाना के राष्ट्रपति डॉ. इरफान अली द्वारा दी गई शुभकामनाओं और संदेशों के लिए आभार व्यक्त किया है।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वे सिंगापुर के प्रधानमंत्री के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और भारत-सिंगापुर संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए तत्पर हैं। प्रधानमंत्री लक्सन की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता दोनों देशों की साझेदारी में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे इस साझेदारी को और ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए उत्सुक हैं।
प्रधानमंत्री ने श्री किशिदा की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद देते हुए उन्हें जापान-भारत संघ के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभालने पर बधाई दी। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि वे भारत और गुयाना के लोगों के हित में सहयोग जारी रखने के लिए उत्सुक हैं।