अक्टूबर 2, 2026 10:03 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एशियाई खेलों में महिला मुक्केबाजी स्पर्धा के 75 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने पर लवलीना बोरगोहेन को बधाई दी है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उनकी खेल यात्रा दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता को दर्शाती है। प्रधानमंत्री ने महिला डिंगी सेलिंग स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर नेत्रा कुमानन को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में भारत के लिए बड़ी उपलब्धि है। प्रधानमंत्री ने कांस्य पदक जीतने पर भारतीय पुरुष क्वाड्रेंट टीम को भी बधाई दी। श्री मोदी ने कहा कि पुरुष क्वाड्रेंट स्पर्धा में भारत का यह पहला पदक है। उन्होंने कहा कि उनका दृढ़ संकल्प और जुझारू भावना अनुकरणीय है।

प्रधानमंत्री ने कड़े मुकाबले वाले फाइनल के बाद महिला 65 किलोग्राम मुक्केबाजी में स्वर्ण पदक जीतने पर परवीन को बधाई दी। उन्होंने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि यह भारतीय मुक्केबाजी में एक और गौरवशाली अध्याय है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी सफलता प्रेरणादायक है और खेल उत्कृष्टता के प्रति उनके समर्पण को उजागर करती है। उन्होंने पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में शानदार जीत के साथ स्वर्ण पदक जीतने पर अंकुश पंघाल को बधाई दी। श्री मोदी ने कहा कि अंकुश का जुनून और समर्पण सराहनीय है। उन्होंने पुरुषों की 65 किलोग्राम वर्ग की फ्रीस्टाइल कुश्ती में स्वर्ण पदक जीतने पर सुजीत कलकल को भी बधाई दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि एशियाई खेलों में अपने पहले ही मैच में सुजीत ने भारत को इस वर्ग में पहला स्वर्ण पदक दिलाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के लोग एशियाई खेलों में चार दशकों बाद स्वर्ण पदक जीतने वाली महिला हॉकी टीम की सफलता का उत्‍सव मना रहे हैं। उन्होंने महिला हॉकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह टीम के असाधारण कौशल और टीम वर्क का परिणाम है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी दृढ़ता बहुत प्रेरणादायक है।

प्रधानमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को निरंतर सफलता की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें नई ऊंचाइयों को छूते रहना चाहिए और देश भर के खिलाड़ियों की नई पीढ़ी को प्रेरित करना चाहिए।