अक्टूबर 7, 2026 9:28 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सरकार प्रमुख के रूप में पूरी की निरंतर 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज सरकार प्रमुख के रूप में निरंतर 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा पूरी की। श्री मोदी ने सुबह नई दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्री विनायक मंदिर का दौरा किया और वहां पूजा-अर्चना की। उन्होंने पारंपरिक पूजा-अर्चना में भी भाग लिया। इस अवसर पर, प्रधानमंत्री ने नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दूरदर्शी नीतियों और कड़ी मेहनत के माध्यम से भारत 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के अपने सपने को अवश्य पूरा करेगा। श्री मोदी ने कहा कि भारत कभी नीतिगत गतिरोध की चर्चाओं से जुड़ा हुआ था। अब यह अपनी बढ़ती ताकत और लचीलेपन के लिए चर्चा में है। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में स्थिति पूरी तरह बदल गई है। श्री मोदी ने कहा कि पहले आयात बढ़ाने के प्रयास किए जाते थे, जबकि आज भारत निर्यात के नए रिकॉर्ड बना रहा है।

प्रधानमंत्री ने इस बात का उल्‍लेख किया कि भारत पहले अपनी जरूरतों के लिए मोबाइल फोन आयात करता था, जबकि आज मेड इन इंडिया मोबाइल फोन ने वैश्विक बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। प्रधानमंत्री ने कृषि को भारत के परिवर्तन का एक और प्रमुख उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि 2015 से 2025 तक के दशक में स्वतंत्रता के बाद से कृषि क्षेत्र में सबसे अधिक निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है। इस वृद्धि दर ने सभी पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए। श्री मोदी ने कहा कि ऐसा परिवर्तन तभी संभव है जब इरादा स्पष्ट हो और नीतियां सुस्पष्ट हों।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश अपनी चुनौतियों का स्थायी समाधान ढूंढ रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 का मुद्दा कभी अंतहीन प्रतीत होता था, लेकिन अनुच्छेद 370 की दीवार पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। श्री मोदी ने कहा कि जहां नक्सलवाद को कभी देश पर अभिशाप माना जाता था, वहीं अब उसकी कमर टूट चुकी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद भारत के भविष्य के लिए एक बड़ी चुनौती है और लोगों को लगने लगा था कि न तो आतंकवादी और न ही उनके आका कभी पीछे हटेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत उनके गढ़ों में घुस के उन्हें करारा प्रहार कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यह भारत के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने का समय है। श्री मोदी ने अपनी पूरी राजनीतिक यात्रा का श्रेय नागरिकों के अटूट विश्वास और समर्थन को देते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीति सभी नागरिकों के लिए समाधान पर केंद्रित है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जनता का विश्वास और लाखों पार्टी कार्यकर्ताओं का समर्पण ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है। श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने आज सुबह श्री विनायक मंदिर जाकर देश और उसके 140 करोड़ नागरिकों के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि उन्हें और अधिक शक्ति और ऊर्जा प्रदान करें ताकि वे समर्पण भाव से कार्य करते हुए दिन-रात जनता की सेवा कर सकें। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों में जनता का जो विश्वास अर्जित हुआ है। श्री मोदी ने कहा कि इस दौरान प्राप्त अनुभव उनकी सबसे बड़ी संपत्ति है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब उन्होंने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी, तब उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक दिन यह उपलब्धि हासिल होगी। उन्होंने कहा कि आज सरकार प्रमुख के रूप में निरंतर सेवा के 25 वर्ष पूरे हो गए हैं, यह यात्रा जनता के अटूट आशीर्वाद और समर्थन से ही संभव हो पाई है। प्रधानमंत्री ने देश की जनता, भाजपा और लोकतंत्र में अटूट विश्वास रखने वाले अपने सभी राजनीतिक सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मंत्रिमंडल के कई अन्य मंत्रियों ने सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की सार्वजनिक सेवा पूरी करने पर श्री मोदी को बधाई दी।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला