प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जापान एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले तजिंदरपाल सिंह तूर और प्राची चौधरी सहित भारतीय खिलाडि़यों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने कहा कि शॉट पुट में रजत पदक विजेता तजिंदरपाल सिंह तूर ने एकाग्रचित्त और दृढ़ संकल्प से लगातार देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि एशियाई खेलों का एक और पदक उल्लेखनीय और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। श्री मोदी ने 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली प्राची चौधरी के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
श्री मोदी ने मिक्स्ड डबल्स टेबल टेनिस स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले मानुष शाह और दीया चिताले को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पदक भारत में टेबल टेनिस की बढ़ती लोकप्रियता में एक और गौरवपूर्ण क्षण जोड़ता है। उनका दृढ़ संकल्प कई युवा खिलाड़ियों को इस खेल को अपनाने और उच्च लक्ष्य रखने के लिए प्रेरित करेगा।
प्रधानमंत्री ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने तिलोत्तमा सेन, विदरसा विनोद कोचलुमकाल और आशी चौकसे को भी बधाई दी।