अप्रैल 12, 2026 5:01 अपराह्न

printer

राष्ट्रपति ,उपराष्ट्रपति ने गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने प्रख्‍यात गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि उनके निधन से संगीत जगत में एक शून्य उत्पन्न हो गया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि आशा भोसले ने प्रतिष्ठित गायिका के रूप में शानदार करियर के साथ भारत  में संगीत के नए युग को परिभाषित किया है। उन्होंने कहा कि दिवंगत गायिका ने एक कलाकार और एक व्यक्ति के रूप में अपने जीवन को अपने तरीके से जिया। उन्होंने कहा कि आशा भोसले ने अपनी मधुर और सदाबहार आवाज से दशकों तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि उनका निधन संगीत प्रेमियों के लिए एक अपूरणीय क्षति है और उनका संगीत अमर रहेगा।

उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है।  राधाकृष्णन ने एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि आशा भोसले की बहुमुखी प्रतिभा ने उन्हें विभिन्न विधाओं में सहजता से गायन करने की क्षमता प्रदान की। उन्होंने भावपूर्ण ग़ज़लों और पारंपरिक भजनों में महारत हासिल की और भारतीय संगीत पर अपनी अमिट छाप छोड़ी। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि आशा भोसले की बेमिसाल आवाज़ और संगीतमय विरासत लाखों लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।