राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने आज राष्ट्रीय सिविल सेवा दिवस के अवसर पर सभी सिविल सेवकों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि सिविल सेवकों की प्रतिबद्धता उत्तरदायी शासन को मजबूत करने और सार्वजनिक संस्थानों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि नवीन, भविष्योन्मुखी और नागरिक-केंद्रित नीतियों के निर्माण से लेकर जमीनी स्तर पर उनके प्रभावी कार्यान्वयन तक, सिविल सेवकों का कार्य लाखों लोगों के जीवन की गुणवत्ता पर गहरा प्रभाव डालता है। उन्होंने कहा कि भारत नई आकांक्षाओं के साथ आगे बढ़ रहा है, ऐसे में सिविल सेवकों की सत्यनिष्ठा और सहानुभूति अंतर को पाटने, समावेशिता को बढ़ावा देने और राज्य तथा उसके नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने देश के सिविल सेवकों को सार्वजनिक सेवा के उच्चतम मानकों को बनाए रखने और अधिक न्यायसंगत और प्रगतिशील राष्ट्र के निर्माण में सार्थक योगदान देने की कामना की।
सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन ने सिविल सेवकों के समर्पण और राष्ट्र के प्रति अनुकरणीय सेवा की सराहना की है। उन्हें भारत के प्रशासनिक ढांचे का अटूट स्तंभ बताते हुए श्री राधाकृष्णन ने कहा कि शासन को मजबूत करने और सार्वजनिक सेवाओं को प्रदान करने में उनके प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष का विषय, ‘विकसित भारत: नागरिक-केंद्रित शासन और अंतिम छोर तक विकास‘, विकसित भारत 2047 के विजन के अनुरूप है और अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुंच और समावेशी विकास पर विशेष जोर देने के साथ पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित शासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह सुशासन और राष्ट्र निर्माण की दिशा में काम करने के संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से लेकर नीति निर्माण तक, सिविल सेवकों के प्रयास अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित करते हैं और देश की प्रगति में योगदान देते हैं। श्री मोदी ने सिविल सेवकों को उच्चतम मानकों का पालन करते हुए उत्कृष्टता, करुणा और नवाचार के साथ सेवा जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि नीतियों को लागू करने, शासन को मजबूत करने और ईमानदारी से नागरिकों की सेवा करने के प्रति उनका समर्पण राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह अवसर राष्ट्र के प्रति उनके योगदान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।