जुलाई 24, 2026 9:06 पूर्वाह्न | President Murmu

printer

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज रोमानिया के प्रधानमंत्री इली बोलोजान के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु इस समय रोमानिया की राजकीय यात्रा पर हैं। श्रीमती मुर्मु आज बुखारेस्ट के विक्टोरिया पैलेस में रोमानिया के प्रधानमंत्री इली बोलोजान के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। वे रोमानिया के राष्ट्रपति निकुशोर दान के साथ भारत-रोमानिया व्‍यापार मंच को भी संबोधित करेंगी।

बाद में राष्ट्रपति मुर्मु रोमानिया की संसद जाएंगी और सीनेट के अध्यक्ष मिर्चा अब्रुदेआन और चैंबर ऑफ डेप्युटीज़ के अध्यक्ष सोरिन ग्रिंदेनू से मुलाकात करेंगी। इसके बाद वे टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर पर पुष्‍पांजलि अर्पित करेंगी।

राष्ट्रपति अपनी यात्रा के दौरान बुखारेस्ट यूनिवर्सिटी ऑफ इकोनॉमिक स्टडीज़ और नेशनल विलेज म्यूज़ियम का भी दौरा करेंगी। यह यात्रा शिक्षा, संस्कृति और लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता  दर्शाती है।