राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज स्कूली विद्यार्थियों से रक्षाबंधन पर्व के मूल तत्व स्नेह, सुरक्षा और संरक्षण के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने राष्ट्रपति भवन में देशभर से आए विद्यार्थियों के साथ रक्षाबंधन मनाते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार प्रेम के ऐसे बंधन का प्रतीक है जिसे परिवार के सदस्यों, मित्रों और यहां तक कि पेड़ों के साथ भी साझा किया जा सकता है। पर्यावरण के बिगड़ते संतुलन पर चिंता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों से जीवन के लिए आवश्यक संतुलन बनाए रखने के लिए पौधों और पेड़ों को राखी बांधने का आग्रह किया। विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि पेड़ लगाने और उनका पालन-पोषण करने का संकल्प जीवन भर की प्रतिबद्धता बन जाना चाहिए।
इस विशेष समारोह में लगभग 90 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें 17 राज्यों, एक केंद्र शासित प्रदेश, केंद्रीय विद्यालय संगठन और नवोदय विद्यालय समिति के 13 दिव्यांग बच्चे शामिल थे। राष्ट्रीय राजधानी की अपनी यात्रा के हिस्से के रूप में, विद्यार्थियों ने कल प्रधानमंत्री संग्रहालय का दौरा किया।