राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जूडो खिलाड़ी यामिनी मौर्य को ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं के 57 किलोग्राम जूडो प्रतिस्पर्धा में रजत पदक हासिल करने के लिए बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि यामिनी ने खेलों में भारत के लिए अपना तीसरा जूडो पदक हासिल कर खेलों में देश की बढ़ती उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने जूडो के लचीलेपन, दृढ़ता और लड़ने की क्षमता की यह कहते हुए सराहना की कि यामिनी की उपलब्धि ने राष्ट्र को गौरवान्वित किया है। राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि यामिनी की खेलों में प्रेरक यात्रा देश के अन्य युवा जूडो खिलाडि़यों को बेहतर संघर्ष के लिए प्रेरित करेगी।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी नीरज चोपड़ा, यश वीर सिंह, तेजस्विन शंकर और यामिनी मौर्या को ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने पर बधाई दी है। नीरज ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत और यश वीर ने कांस्य पदक जीता है। श्री राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया पर इस उपलब्धि को भारत के लिए शानदार दोहरी पोडियम जीत बताया। तेजस्विन राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में डेकाथलॉन स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। उपराष्ट्रपति ने इस उपल्बधि के लिए उनकी सराहना की।
उपराष्ट्रपति ने महिलाओं के 57 किलोग्राम वर्ग जूडो इवेंट में रजत पदक जीतने पर यामिनी मौर्या को भी बधाई दी। श्री राधाकृष्णन ने कहा कि खिलाडियों का यह शानदार प्रदर्शन भारतीय खिलाडियों की प्रतिभा, लगन और दृढ़ संकल्प को दर्शाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं के 57 किलोग्राम जूडो स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर यामिनी मौर्य को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि जूडो के प्रति यामिनी का जुनून उनके प्रदर्शन में स्पष्ट रूप से झलका। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में कई युवाओं को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।