राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने श्री नरेन्द्र मोदी को देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने पर बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर देश की जनता का उनके नेतृत्व में अटूट विश्वास और भरोसे का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के कार्यकाल में शासन, आर्थिक दृढ़ता और सामाजिक परिवर्तन के क्षेत्र में दूरगामी प्रगति हुई है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि सरकार की व्यापक कल्याणकारी पहलों से लोगों को जमीनी स्तर पर लाभ मिल रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में शुरू किए गए पीएम-जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान उनके दिल में विशेष स्थान रखते हैं। राष्ट्रपति मुर्मु ने कहा कि श्री मोदी की प्रेरणादायक यात्रा ने देश की मजबूत लोकतांत्रिक परंपराओं में आशा और विश्वास की नई किरण जगाई है और यह यात्रा अनवरत जारी है।