राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में दिलीप महादु गावित को स्वर्ण पदक और मोहम्मद बेसिल मोरसिंगनाकाठी को रजत पदक जीतने पर बधाई दी। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय पैरा एथलेटिक्स ने खेल उत्कृष्टता का एक यादगार अध्याय लिखा है।
उन्होंने कहा कि दोनों पैरा एथलीटों का ऐतिहासिक स्वर्ण-रजत पदक जीतना भारतीय पैरा एथलेटिक्स के लिए एक मील का पत्थर है। राष्ट्रपति मुर्मु ने आशा व्यक्त की कि दिलीप महादु गावित और मोहम्मद बेसिल मोरसिंगनाकाठी अपने असाधारण दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता से राष्ट्र को प्रेरित करते रहेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर मुरली श्रीशंकर को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि लगातार दो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिस पर पूरा देश गर्व करता है। उन्होंने मुरली श्रीशंकर को आगे भी सफलता और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी राष्ट्रमंडल खेलों में पुरूष 100 मीटर टी-47 प्रतियोगिता में पैरा एथलीट दिलीप महाडू गवित को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। उन्होंने रजत पदक विजेता मोहम्मद बासिल मोर्सिंगानाकाथ को भी बधाई दी। उपराष्ट्रपति ने पुरूषों की लंबी कूद में रजत पदक जीतने पर मुरली श्रीशंकर को बधाई दी।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि पैरा एथलेटिक्स में ऐतिहासिक स्वर्ण और रजत पदक जीतने वाले खिलाडि़यों ने प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और खेल उत्कृष्टता का प्रमाण दिया है। उन्होंने मुरली श्रीशंकर के शानदार प्रदर्शन की भी सराहना की। उपराष्ट्रपति ने पदक विजेताओं को निरंतर सफलता की शुभकामनाएँ दीं।