राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एशियाई पैरा खेल 2026 में पुरुषों की ऊंची कूद में स्वर्ण पदक बरकरार रखने और नया खेल रिकॉर्ड बनाने पर प्रवीण कुमार को बधाई दी है। सोशल मीडिया में राष्ट्रपति ने कहा कि उसी स्पर्धा में फिर से शीर्ष स्थान हासिल करना और नया रिकॉर्ड बनाना, उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को छूने के श्री कुमार के जज्बे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता स्थल पर तिरंगा फहराना और राष्ट्रगान बजना हर भारतीय के लिए गौरव का क्षण होता है।
राष्ट्रपति ने पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर आयुष वर्मा को भी बधाई दी।
श्रीमती मुर्मु ने तीरंदाजी की पैरा कंपाउंड महिला डबल्स स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर शीतल देवी और पायल नाग को भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रजत पदक जीतकर दोनों खिलाड़ियों ने साबित किया है कि वे सर्वश्रेष्ठ तीरंदाजों में शामिल हैं। राष्ट्रपति ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक जीतने पर बंटी की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि बंटी की छलांग ने उन्हें पोडियम पर दूसरा स्थान दिलाया, जबकि उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इस उपलब्धि को और खास बनाता है।
श्रीमती मुर्मु ने पैरा खेलों में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर अनुभव चौधरी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ट्रैक पर उनकी गति और एकाग्रता ने खेलों में उनके पदार्पण को यादगार बना दिया है।
राष्ट्रपति ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतने पर राकेशभाई भट्ट को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि एथलेटिक्स के प्रति उनके समर्पण को दर्शाती है और पैरा खेलों में भारत की बढ़ती उपलब्धियों में एक और कड़ी जोड़ती है।