राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एशियाई खेल 2026 में महिला व्यक्तिगत स्ट्रोक प्ले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने और व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने पर प्रणवी शरथ उर्स को बधाई दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि प्रणवी शरथ उर्स ने शुरुआत से लेकर अंतिम शॉट तक शानदार प्रदर्शन किया और भारतीय गोल्फ के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। राष्ट्रपति ने उन्हें भविष्य की उपलब्धियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह स्वर्ण पदक भारतीय महिला गोल्फ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिसके आधार पर आगे और सफलता हासिल की जा सकती है।
इससे पहले, राष्ट्रपति ने महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली कुमकुम अनिल मोहोड़ को बधाई दी है। वे इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय हैं। सोशल मीडिया संदेश में राष्ट्रपति ने कहा कि कुमकुम अनिल मोहोड़ ने इन खेलों में शानदार प्रदर्शन किया और टीम स्पर्धाओं में भी दो पदक जीते। उन्होंने कहा कि कुमकुम ने एशियाई खेलों में भारतीय महिला तीरंदाजों की शानदार सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। राष्ट्रपति ने कहा कि उनका प्रदर्शन और उपलब्धियां विशेष रूप से लड़कियों सहित अनगिनत युवाओं को अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करेंगी।