अक्टूबर 31, 2026 7:15 पूर्वाह्न

printer

प्रसार भारती के इंजीनियर नोंगमैथेम नंदकुमार सिंह एबीयू ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित

प्रसार भारती ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ाया है। प्रसार भारती के इंजीनियर नोंगमैथेम नंदकुमार सिंह को प्रसारण तकनीक के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए प्रतिष्ठित एबीयू ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग एक्सीलेंस अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। श्री नंदकुमार सिंह ने डीडी प्लेआउट और डीडी स्लोमो जैसी तकनीक विकसित की हैं। डीडी प्लेआउट एक स्वदेशी सॉफ्टवेयर है, जिसका उपयोग दूरदर्शन के कई केंद्रों में कार्यक्रमों के प्रसारण के लिए किया जाता है। 

डीडी स्लोमो का उपयोग खेल प्रतियोगिताओं में धीमी गति से वीडियो दिखाने के लिए किया जाता है। यह पुरस्कार एशिया-पैसिफिक ब्रॉडकास्टिंग यूनियन-एबीयू द्वारा दिया जाता है। यह संगठन 66 देशों के लगभग 224 प्रसारण और मीडिया संस्थानों का प्रतिनिधित्व करता है। यह पुरस्कार श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में कल शुरू हुई एबीयू की 63वीं आम सभा के दौरान प्रदान किया गया। पांच दिन तक चलने वाला यह आयोजन 3 नवंबर को समाप्त होगा।

इस बैठक में प्रसारण, मीडिया और तकनीक से जुड़े विशेषज्ञ हिस्सा ले रहे हैं। इसमें प्रसारण तकनीक, कार्यक्रमों और खेल प्रसारण से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जा रही है। ‘शांति और मानवता के लिए मीडिया: सत्य, विश्वास और बदलाव’ विषय पर आयोजित इस बैठक में नई तकनीकों और प्रसारण के भविष्य पर भी विचार-विमर्श किया जा रहा है। प्रसार भारती के इंजीनियर को मिला यह सम्मान प्रसारण तकनीक के क्षेत्र में भारत की बढ़ती उपलब्धियों को दर्शाता है।