जून 22, 2026 9:49 अपराह्न

printer

स्विट्जरलैंड: अमरीका-ईरान के बीच हो रही शांति वार्ता में सकारात्मक प्रगति: अमरीकी उपराष्ट्रपति

अमरीका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि स्विट्जरलैंड में ईरान के साथ हुई शांति वार्ता ने संघर्ष समाप्त करने के लिए संभावित अंतिम समझौते की दिशा में एक ठोस आधार तैयार किया है। स्विट्जरलैंड में दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम के स्‍थायी समाधान के लिए श्री वेंस और ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाकर क़ालीबाफ के बीच विस्तृत प्रारंभिक वार्ता के बाद श्री वेंस ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी।

ईरान के विदेशमंत्री सैयद अब्बास अराक़ची ने भी सोशल मीडिया पर कहा कि पाकिस्तान और कतर की मध्यस्थता से संघर्ष विराम की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

मध्यस्थ कतर और पाकिस्तान ने भी वार्ता के पहले दौर को उत्साहजनक बताया है। इनकी ओर से जारी संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों पक्षों ने 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए एक रोडमैप पर सहमति व्यक्त की है।

बयान के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और किसी भी तरह की गलतफहमी या अप्रिय घटना से बचने के लिए एक विशेष संचार व्यवस्था स्थापित की जाएगी।

दोनों पक्षों ने अमरीका, ईरान और लेबनान के बीच एक समन्वय तंत्र स्थापित करने पर भी सहमति व्‍यक्‍त की। इसका उद्देश्य लेबनान में सैन्य गतिविधियों को समाप्त करना है।

श्री वेंस ने यह भी संकेत दिया कि अमरीकी प्रशासन ईरान की फ्रीज़ की गई कुछ संपत्तियों को मुक्त करने पर विचार कर सकता है, ताकि ईरान, अमरीका से सोयाबीन, मक्का और गेहूं जैसी कृषि उपज खरीद सके।

इस बीच, अमरीकी वित्त मंत्रालय ने ईरान से जुड़े तेल प्रतिबंधों में अस्थायी राहत देते हुए 60 दिनों के लिए एक विशेष लाइसेंस जारी किया है। इसके अंतर्गत ईरानी कच्चे तेल के उत्पादन, आपूर्ति और बिक्री की अनुमति दी गई है। यह छूट 21 अगस्त तक प्रभावी रहेगी।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला