प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27 से 29 जून तक सेशेल्स की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इस दौरान वे सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री की यह सेशेल्स की दूसरी यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने वर्ष 2015 में सेशल्स का दौरा किया था।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, समारोह में भारतीय सशस्त्र बलों का एक दल और भारतीय नौसेना के दो युद्धपोत भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री सेशेल्स की राष्ट्रीय सभा को भी संबोधित करेंगे।
यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेता आपसी सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा करेंगे और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श करेंगे।
भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-जन के मजबूत संबंध हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का एक महत्वपूर्ण समुद्री पड़ोसी देश है।
यह यात्रा दोनों देशों के बीच मित्रता को और मजबूत करने तथा व्यापार, सुरक्षा, विकास और अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।