प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस और स्लोवाकिया की छह दिन की यात्रा पर आज रवाना होंगे। यात्रा का उद्देश्य इन दोनों यूरोपीय देशों के साथ भारत की साझेदारी और प्रगाढ़ करना है। यात्रा के पहले चरण में, प्रधानमंत्री कल फ्रांस के नीस में राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रो के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे और संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसमें भारत, फ्रांस और अन्य देशों के शीर्ष नवाचार स्टार्टअप तथा वेंचर कैपिटल फंड शामिल होंगे।
यात्रा के दूसरे चरण में, श्री मोदी स्लोवाकिया जायेंगे। श्री मोदी स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ वार्ता में आपसी सहयोग पर चर्चा करेंगे। यात्रा के तीसरे चरण में, प्रधानमंत्री 16 और 17 जून को फ्रांस के एवियन में जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। श्री मोदी इस दौरान जी-7 नेताओं और आमंत्रित भागीदार देशों तथा शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
यात्रा के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री 18 जून को यूरोप के सबसे बड़े प्रौद्योगिकी और स्टार्टअप कार्यक्रम, विवाटेक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पेरिस जाएंगे। श्री मोदी के पेरिस में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करने की भी संभावना है।