प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा कर रहे प्रतिभागियों से संवाद करेंगे। इस दौरान सेवा यात्री प्रधानमंत्री के साथ अपनी यात्रा के अनुभव साझा करेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं की भागीदारी और जनसेवा को विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से जोड़ना है। सेवा यात्रा 17 सितंबर को शुरू हुई थी। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाए जा रहे व्यापक सेवा संकल्प अभियान का हिस्सा है।
सेवा यात्री विभिन्न राज्यों, जिलों, तहसीलों और गांवों से गुजरते हुए जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं। इनमें स्वच्छता अभियान, स्थानीय लोगों और लाभार्थियों से संवाद तथा स्कूलों, अस्पतालों और अन्य सामुदायिक स्थानों पर सेवा गतिविधियां शामिल हैं। यात्रा का उद्देश्य सेवा, संवाद, युवाओं की भागीदारी, सामाजिक कल्याण और सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है। वडनगर से वाराणसी के बीच दस समूह मोटरसाइकिल यात्रा कर रहे हैं। यह यात्रा 7 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को वडनगर से गृह मंत्री अमित शाह और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने की थी। इसी अवसर पर वडनगर से वाराणसी तक बाइक यात्रा को भी रवाना किया गया था।