प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी के बीच आज राजधानी विक्टोरिया में द्विपक्षीय वार्ता हुई। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों की समीक्षा की और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान कृषि, वित्त, अंतरिक्ष और स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में समझौतों का आदान-प्रदान हुआ।
सेशेल्स ने प्रधानमंत्री मोदी को सतत विकास और हरित विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए देश के सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान ‘गार्जियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ से सम्मानित किया।
संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सम्मान उनके साथ-साथ भारत के 140 करोड़ नागरिकों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भारत और सेशेल्स आर्थिक सहयोग, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य और संपर्क बढ़ाने के लिए मिलकर काम करेंगे। उन्होंने बताया कि सेशेल्स में यूपीआई लागू करने और जन औषधि योजना से जुड़ा समझौता भी हुआ है, जिससे वहां के लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं मिल सकेंगी।
सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमाइनी ने कहा कि दोनों देशों ने हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई है।
प्रधानमंत्री मोदी आज सेशेल्स की नेशनल असेंबली को संबोधित करेंगे, भारतीय समुदाय से मुलाकात करेंगे और राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री मोदी तीन दिन की राजकीय यात्रा पर सेशेल्स में हैं।