प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रूपए की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री ने पश्चिमी क्षेत्र के विशेष माल-ढुलाई गलियारे के तीन प्रमुख खंडों को राष्ट्र को संबोधित किया। इसके साथ ही माल-ढुलाई गलियारे के संचालन का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भारत के परिवहन और लॉजिस्टिक क्षेत्र के तेजी से बदलाव का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2800 किलोमीटर के विशेष माल-ढुलाई गलियारे का पूरा होना 21वीं सदी के भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है और देश में बदलती कार्य संस्कृति का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस परियोजना की परिकल्पना वर्ष 2006 में की गई थी लेकिन इस दिशा में आगे प्रगति नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में इस पर तेजी से हुए काम ने देश के लॉजिस्टिक तंत्र को पूरी तरह बदल दिया है जो तेजी से विकसित होते भारत की जीवनरेखा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि माल-ढुलाई मार्ग को यात्री सेवा से अलग करने से दक्षता में उल्लेखनीय बदलाव आया है। इससे यात्रा समय में कमी आई है और ईंधन में बचत, पर्यावरण पर कम असर हो रहा है तथा देश के लिए तेज और स्वच्छ आपूर्ति श्रृंखला स्थापित हो रही है।
श्री मोदी ने कहा कि भारत के युवा सौर, परमाणु और पवन ऊर्जा के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों को देख रहे हैं। प्रौद्योगिकी के भविष्य पर प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आगामी उद्योग पूर्ण रूप से ऊर्जा संचालित होंगे। सरकार इसके लिए मजबूत और बहुक्षेत्रीय ऊर्जा तंत्र स्थापित करने पर ध्यान दे रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में उभरा है और अब अपनी उन्नत रेलगाड़ी और मैट्रो कोच का निर्माण कर रहा है। चिप से शिप तक स्थानीय उत्पादों के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश के भीतर संपूर्ण और आत्मनिर्भर आपूर्ति श्रृंखला तैयार की जा रही है। इसमें उच्च प्रौद्योगिकी वाले इलैक्ट्रॉनिक उत्पादों से लेकर बड़े समुद्री जहाजों का निर्माण शामिल है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने न्यू साणंद, न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को भी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा, उन्होंने टांडा रोड और वडोदरा के बीच नई यात्री रेल सेवा को भी झंडी दिखाई। यह सेवा अलीराजपुर के दूरदराज के आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने 9700 करोड़ रूपए से अधिक की तीन रेल विस्तार परियोजनाओं और लगभग 1780 करोड़ रूपए की तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इसका उद्देश्य गुजरात और मध्यप्रदेश के बीच कनेक्टिविटी मजबूत करना है। उन्होंने गुजरात सरकार की 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। इनमें कड़ाणा बांध पर 110 मेगावाट का फ्लोटिंग सौर संयंत्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नवसारी भी जाएंगे, जहां वे भारतीय जनता पार्टी के नए एआई-सक्षम और अत्याधुनिक कार्यालय का उद्घाटन करेंगे।