सितम्बर 7, 2026 1:00 अपराह्न

printer

पीएम मोदी गुजरात को देंगे 35 हजार करोड़ रुपए की सौगात, मुंबई में करेंगे ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल गुजरात और महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। वडोदरा में, प्रधानमंत्री 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करके राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित 326 किलोमीटर लंबे पश्चिमी समर्पित माल गलियारे-डब्ल्यूडीएफसी के तीन महत्वपूर्ण खंडों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। प्रधानमंत्री मुंबई के न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ियों की सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।
 
इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री वडोदरा और टांडा रोड के बीच एक नई रेल सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे वडोदरा, छोटा उदेपुर और अलीराजपुर जिलों के लोगों को लाभ होगा। प्रधानमंत्री मोदी छोटा उदेपुर-धार परियोजना के अंतर्गत विकसित जोबट-टांडा रोड नई रेल लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। नई रेल लाइन अलीराजपुर के दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ेगी।
 
प्रधानमंत्री 9700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। वे लगभग 1780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। श्री मोदी लगभग 2600 करोड़ रुपये की गुजरात सरकार की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। वे इस अवसर पर सभा को संबोधित भी करेंगे।
 
महाराष्ट्र में, प्रधानमंत्री मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (जीएफएफ) 2026 का उद्घाटन करेंगे और सभा को संबोधित करेंगे। जीएफएफ 2026 का विषय है, “प्रभाव की क्षमता : एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन, क्वांटम – समावेशी वित्त के लिए विश्वसनीय, कनेक्टेड, वैश्विक प्रणालियां।”
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला