पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किए जाने पर खुशी व्यक्त की है। इस सम्मान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार हर भारतीय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।
श्री ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान न केवल एक नेता के रूप में उनकी पहचान है, बल्कि भारत की बढ़ती विश्वसनीयता, कूटनीतिक शक्ति और वैश्विक नेतृत्व का भी प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह प्रधानमंत्री मोदी को प्राप्त 32वां अंतरराष्ट्रीय नागरिक सम्मान है, जो विश्व स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव को उजागर करता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह पुरस्कार स्वच्छ ऊर्जा, समुद्री सहयोग, नवाचार, प्रौद्योगिकी, सतत विकास और जलवायु परिवर्तन जैसे क्षेत्रों में नॉर्वे के साथ भारत की मजबूत साझेदारी को मान्यता देता है। श्री ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यह सम्मान भारत की जनता और भारत-नॉर्वे के बीच अटूट मित्रता को समर्पित किया है।