सोमालिया के समुद्री लुटेरों ने चार दिनों में दो जहाजों का अपहरण कर लिया है। इलाके में बढ़ती अस्थिरता के बीच सोमालिया और यमन के समुद्री क्षेत्रों में समुद्री डकैती फिर से बढ़ने को लेकर चिंता बढ़ रही है। हाल की घटनाओं में सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास कैमरून के ध्वज वाले एम/वी लुतुफ जहाज पर कब्ज़ा और यमन के पास इरिट्रिया के ध्वज वाले सिबू – 1 टैंकर का अपहरण शामिल है। खबरों के मुताबिक लुतुफ में तुर्किये के हथियार और उपकरण थे, जिन्हें मोगादिशु में एक सेना प्रशिक्षण केन्द्र ले जाया जा रहा था। लुतुफ के 10 लोगों के चालक दल में छह भारतीय, एक तुर्किय़े नागरिक, एक जॉर्जियाई और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल थे। खबरों के अनुसार, आठ समुद्री लुटेरे जहाज को पुंटलैंड के डंगोरोयो जिले में गरमाल के पास नुगाल तट की ओर ले गए।
सोमालिया के अधिकारियों ने बताया कि समुद्री लुटेरों ने अभी छह जहाजों पर कब्ज़ा कर रखा है, इनमें इस हफ़्ते कब्ज़ा किए गए दो जहाज भी शामिल हैं। इन जहाजों पर 100 से ज़्यादा चालक दल के सदस्य बंधक बनाए गए हैं। वर्ष के पहले पांच महीनों में सोमालिया के समुद्री क्षेत्रों और अदन की खाड़ी में समुद्री डकैती से जुड़ी 17 से ज़्यादा घटनाएं दर्ज की गईं। इनमें कम से कम तीन वाणिज्यिक जहाजों और पारंपरिक लकड़ी के नौकायन पोत पांच धो का अपहरण शामिल है। जानकारों का कहना है कि इस समस्या के फिर से बढ़ने की वजह क्षेत्र में संघर्ष, मछुआरों की आर्थिक कठिनाईयां और समुद्री सुरक्षा में कमी हैं। सोमालिया में समुद्री डकैती का दौर पहले 2010 के आसपास चरम पर था, जब सैकड़ों जहाजों पर कब्ज़ा कर लिया गया था और शिपिंग कंपनियों और बीमा कंपनियों को अरबों डॉलर का नुकसान हुआ था।